logo

नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने स्याल्दे वार्ड में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर पंचायत गरुड़ की अध्यक्ष भावना वर्मा ने शनिवार को स्याल्दे वार्ड का दौरा कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोग में लाई जा रही सामग्री का जायजा लिया। साथ ही वार्ड में प्रस्तावित नए विकास कार्यों के लिए स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष भावना वर्मा ने संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ ही किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों ने पेयजल, सड़क, नाली निर्माण, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं अध्यक्ष के सामने रखीं। इस पर उन्होंने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि नगर पंचायत द्वारा प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड में आवश्यक विकास कार्यों की सूची तैयार कर जल्द से जल्द कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर नगर पंचायत के जेई, वार्ड सभासद तथा अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। वार्डवासियों ने अध्यक्ष के इस निरीक्षण कार्यक्रम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी

Share on whatsapp