बागेश्वर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिता कुमारी ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि बागेश्वर में करीब 15 वर्ष बाद बहुद्देशीय विधिक साक्षरता, चिकित्सकीय एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 21 जून को पंडित बृदीत्त पांडे परिसर, बागेश्वर में आयोजित होगा, जहां आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सचिव अनिता कुमारी ने बताया कि शिविर में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी तथा न्यायमूर्ति आलोक माहरा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। उनके निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी। सचिव अनिता कुमारी ने बताया कि शिविर में जिला प्रशासन, पुलिस, वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, जिला पूर्ति, ग्राम्य विकास, जिला पंचायत राज, उद्योग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, उरेडा, उद्यान, पर्यटन, सैनिक कल्याण, मत्स्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जल संस्थान सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लोगों की शिकायतों और समस्याओं का निस्तारण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सहयोग से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। वहीं श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों का पंजीकरण और श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
शिविर में निःशुल्क खून की जांच, उपचार, दवाइयां, कान की मशीन, व्हीलचेयर, बैसाखी, चश्मे तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए छड़ी और लाठी वितरण की भी व्यवस्था की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। कार्यक्रम स्थल पर भोजन एवं जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।
प्रेस वार्ता में सचिव अनिता कुमारी ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को विधिक जानकारी उपलब्ध कराने, सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में लोग शिविर का लाभ उठाएंगे।








