बागेश्वर। नगर व्यापार मंडल बागेश्वर और जिला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदेश संगठन मंत्री की अगुवाई में मंगलवार को जिलाधिकारी बागेश्वर से मुलाकात कर नगर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।
अध्यक्ष सूरज जोशी के नेतृत्व में व्यापार मंडल प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी आकांक्षा कोड़े को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सरयू नदी पर बने झूला पुल के लंबे समय से बंद होने के कारण क्षेत्र के व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों की दुकानें प्रभावित हैं और कई दुकान संचालक किराया तक नहीं दे पा रहे हैं। व्यापार मंडल ने झूला पुल को शीघ्र खोलने की मांग की।
इसके साथ ही चौरासी क्षेत्र में सड़क की दीवार टूटने की समस्या भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि विवाह सीजन के चलते आवागमन बाधित होने से क्षेत्र का व्यापार प्रभावित हो रहा है। अतः सड़क की मरम्मत तत्काल कराए जाने की मांग की गई।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोड़े ने दोनों समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में सचिव देवेंद्र अधिकारी, उपाध्यक्ष गिरीश बिष्ट, माया गडियां, कोषाध्यक्ष आलोक साह, जिला महामंत्री अनिल कार्की, जिला संगठन मंत्री मनीष पांडे, प्रदेश संगठन मंत्री हरीश सोनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।








