अन्याय के खिलाफ बागेश्वर से फिर उठेगी आवाज,कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
बागेश्वर । कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को बागेश्वर में आयोजित परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कार्यकर्ताओं से अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बागेश्वर आंदोलनों की भूमि रही है और जिस तरह यहां से कुली बेगार आंदोलन ने अन्याय के खिलाफ इतिहास रचा था, उसी प्रकार अब भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भी जनआंदोलन खड़ा करने की आवश्यकता है। गोदियाल ने कहा कि सरयू और गोमती के पवित्र संगम को साक्षी मानकर जनता को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बरतने के बजाय सरकार सच्चाई सामने लाने से बच रही है। उनका कहना था कि यदि धार्मिक संस्थानों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं होगी तो लोगों का विश्वास कमजोर होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल का उत्सव मना रही है, जबकि प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खनन, शराब नीति, स्कूलों के बंद होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है और कांग्रेस इसे अपनी प्राथमिकता मानेगी। गोदियाल ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनमें कोई भी सदस्य सरकारी सेवा में नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना कांग्रेस की प्रमुख प्रतिबद्धताओं में शामिल होगा। गोदियाल ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना का भी विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नियमित सैन्य भर्ती की व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन में अनुशासन और एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में केवल जीतने की क्षमता को आधार बनाया जाएगा और सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर पार्टी के चुनाव चिह्न हाथ को जिताने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता के बीच सरकार की नीतियों को मुद्दा बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि आगामी चुनाव प्रदेश की दिशा और दशा तय करेंगे, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।








