logo

कपकोट के ठेली तोक में भू-धंसाव का कहर, एक मकान जमींदोज, बेघर हुआ परिवार,दर्जा मंत्री भूपेश उपाध्याय ने लिया जायजा

खबर शेयर करें -

प्रभावित परिवार को राहत के निर्देश, बंद सड़क खुलवाने के लिए जेसीबी के साथ खुद मौके पर पहुंचे दर्जा मंत्री

कपकोट। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के अत्यंत दुर्गम इलाके ग्राम पंचायत चुचेर के ठेली तोक में भारी बारिश के बाद हुए भीषण भू-धंसाव ने एक परिवार का आशियाना उजाड़ दिया है। आपदा में स्थानीय निवासी बहादुर सिंह कोरंगा का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया, जबकि आसपास के कई अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन चार सदस्यीय परिवार अब बेघर होकर पंचायत भवन में शरण लेने को मजबूर है।
ग्रामीणों के अनुसार हाल की मूसलाधार बारिश के चलते सैकड़ों नाली कृषि भूमि सैकड़ों मीटर नीचे धंस गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रभावित परिवारों ने शासन-प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर हालात का जायजा लेने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की भौगोलिक विषमता के कारण यहां जनप्रतिनिधियों का पहुंचना बेहद कम होता है। ऐसे समय में दर्जा मंत्री का मौके पर पहुंचना पीड़ित परिवारों के लिए राहत और भरोसे का कारण बना।
निरीक्षण के दौरान दर्जा मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा भू-धंसाव की जद में आए गांव की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार सहित आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि धरमघर-माजखेत-लाथी मोटर मार्ग कई दिनों से भू-धंसाव और मलबा आने के कारण बंद पड़ा है। सड़क बंद होने से बीमार बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दर्जा मंत्री भूपेश उपाध्याय स्वयं जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी निगरानी में सड़क से मलबा हटवाकर तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों में भराव कराकर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए सुचारू कराया। सड़क खुलने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने संकट की इस घड़ी में मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और सड़क खुलवाने के लिए दर्जा मंत्री का आभार जताया। वहीं भूपेश उपाध्याय ने कहा कि मानसून के दौरान आपदा से प्रभावित प्रत्येक परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है।

Share on whatsapp