बागेश्वर : भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा राष्ट्रीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान (एनआईआई) भारत के तत्वावधान में आयोजित इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम जनपद स्तरीय प्रतियोगिता पीएमश्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल, कांडा के गौरव बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पगना के करन सिंह द्वितीय तथा कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल, मंडलसेरा की अवनी प्रियदर्शनी लोहमी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान भारत की सदस्य सुश्री संध्या तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी आशाराम चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को विकसित करने का प्रभावी मंच है, जिससे नन्हें वैज्ञानिक आधुनिक भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
वहीं आशाराम चौधरी ने कहा कि एक नवाचारी विचार विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है, बशर्ते वह समाज और पर्यावरण की जरूरतों से जुड़ा हो। एनआईआई सदस्य सुश्री संध्या तिवारी ने प्रतियोगिता में प्रस्तुत प्रदर्शों की मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। जिला समन्वयक राजीव निगम ने बताया कि जनपद स्तर पर कुल 52 विद्यार्थियों का चयन किया गया था, जिन्हें अपने प्रोजेक्ट निर्माण हेतु भारत सरकार द्वारा ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इनमें से 10 प्रतिशत विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। जनपद अकादमिक समन्वयक डॉ. संदीप कुमार जोशी ने इंस्पायर अवार्ड योजना के अंतर्गत विचारों के चयन की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रदर्शों का मूल्यांकन सुश्री संध्या तिवारी (एनआईएफ, गुजरात), डॉ. रांजकुमार (वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र काफलीगैर) तथा डॉ. कुलदीप पांथरी (प्रधानाचार्य, आईटीआई कमेड़ी, बागेश्वर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के स्थल संयोजक एवं प्रधानाचार्य दीपचंद जोशी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक राजीव निगम ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, मार्गदर्शक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।








