logo

बागेश्वर में गुलदार की बढ़ती गतिविधियां,वन विभाग सतर्क,आधुनिक तकनीक से हो रही निगरानी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : बागेश्वर वन क्षेत्र के अंतर्गत नदीगांव इलाके में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी और नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं। विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों का सहारा लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर रखी जा रही है। सैम मंदिर वार्ड नदीगांव में एनाइडर एवं ट्रैप कैमरों की सहायता से गुलदार की गतिविधियों पर सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में गुलदार प्रभावित क्षेत्र आरे में भी ट्रैप कैमरे और अन्य उपकरण लगाए गए हैं, ताकि उसकी आवाजाही की सटीक जानकारी मिल सके। गुलदार को सुरक्षित रूप से पकड़ने के लिए बिलोना और कांडाधार क्षेत्रों में पिंजरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया टीम द्वारा प्रतिदिन शाम के समय गश्त की जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। वन क्षेत्र अधिकारी केवलानंद पांडे ने बताया कि विभाग को जहां-जहां से गुलदार की सूचना मिल रही है, वहां टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की है। वन विभाग की इस सक्रियता से क्षेत्र में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं विभाग की प्राथमिकता मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना और दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Share on whatsapp