बागेश्वर। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशन में आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चंडिका मंदिर पार्क में आयुर्वेद विभाग द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ योगाभ्यास के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजित योग शिविर के माध्यम से लोगों को प्रतिदिन सायं 4:00 बजे नियमित रूप से आयोजित होने वाले योग सत्रों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षकों ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में योग एवं प्राकृतिक सहायक जसवंत सिंह, योग अनुदेशक नंदन सिंह नगरकोटी तथा कविता परिहार द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। शिविर में कुल 28 प्रतिभागियों ने भाग लेकर योग सत्र का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्य फार्मेसी अधिकारी ओम प्रकाश रतूड़ी एवं चिकित्साधिकारी डॉ. एजल पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने आयुर्वेद एवं योग के माध्यम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवन अपनाने पर जोर दिया। आयुर्वेद विभाग ने आमजन से नियमित रूप से योग सत्रों में शामिल होकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।








