logo

विजय हजारे ट्रॉफी में बागेश्वर के देवेंद्र बोरा का ऐतिहासिक कारनामा, पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा को किया गोल्डन डक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से निकलकर राष्ट्रीय क्रिकेट मंच तक पहुंचे तेज गेंदबाज देवेंद्र बोरा ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों के लिए भी सपना होता है। देवेंद्र ने अपने लिस्ट-ए करियर के महज तीसरे मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के विश्व विजेता पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पहली ही गेंद पर शून्य के स्कोर पर आउट कर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई बनाम उत्तराखंड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम के लिए पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरे रोहित शर्मा। लेकिन पहले ओवर की पहली ही गेंद पर उत्तराखंड के युवा तेज गेंदबाज देवेंद्र बोरा ने उन्हें ऐसा झटका दिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। रोहित शर्मा ने अपनी पहचान माने जाने वाले पुल शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद सीधे फाइन लेग बाउंड्री पर खड़े उत्तराखंड के फील्डर जगमोहन नागरकोटी के पास गई। हालांकि पहले प्रयास में गेंद उनके हाथ से छिटक गई, लेकिन उन्होंने बेहतरीन फुर्ती दिखाते हुए दूसरे प्रयास में कैच लपक लिया। इस तरह देवेंद्र बोरा और बागेश्वर के ही जगमोहन नागरकोटी की जोड़ी ऐतिहासिक विकेट की साझेदार बनी और रोहित शर्मा गोल्डन डक का शिकार हो गए। इस विकेट के साथ ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ क्रिकेट जगत में भी सनसनी फैल गई। मैच के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर “रोहित शर्मा को पहली गेंद पर आउट करने वाले गेंदबाज” के रूप में देवेंद्र बोरा ट्रेंड करने लगे और लोग उनके बारे में जानने के लिए सर्च करने लगे। देवेंद्र बोरा एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और इसी वर्ष 25 साल के हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में देहरादून में पुडुचेरी के खिलाफ अपना पहला रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कदम रखा था। विजय हजारे ट्रॉफी में यह उनका लिस्ट-ए करियर का केवल तीसरा मैच था, लेकिन इतने कम अनुभव के बावजूद उन्होंने आत्मविश्वास और कौशल से दुनिया के दिग्गज बल्लेबाज को पवेलियन भेज दिया। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व संयुक्त सचिव सुरेश सिंह सोनियाल ने इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए कहा कि देवेंद्र की यह सफलता उत्तराखंड क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि देवेंद्र जैसे खिलाड़ी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और यह साबित करते हैं कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। बागेश्वर समेत पूरे उत्तराखंड में देवेंद्र बोरा की इस उपलब्धि पर खुशी की लहर है। एक छोटे से पहाड़ी जिले से निकलकर देश के सबसे बड़े बल्लेबाजों में शुमार रोहित शर्मा को गोल्डन डक पर आउट करना न केवल देवेंद्र के करियर की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का भी संकेत है। क्रिकेट एसोसिएशन बागेश्वर अध्यक्ष रमेश पांडे,सचिव रमेश दानू,राजेंद्र परिहार,मनोज ओली,हरीश रावल आदि ने इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर खुशी जताई।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  हरेला लोकपर्व पर जौलकांडे में हुआ वृहद वृक्षारोपण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Ad
Share on whatsapp