बागेश्वर : बीडी पांडे कैंपस में हिंदी दिवस मनाया गया। छात्रों और शिक्षकों ने हिंदी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डाला। विविध सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों ने कविता पाठ, निबंध व भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। छात्रों ने हिंदी साहित्य के महत्व और उसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। हिंदी विभागाध्यक्ष डा. नेहा पालनी भाकुनी ने कहा कि हिंदी केवल हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान भी है। आज हिंदी का प्रभाव न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशों में भी देखा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह हिंदी भाषा का अधिकाधिक प्रयोग करें और इसके संवर्धन में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर डा. पुष्पा, डा. पंकज दुबे, डा. रेनू धपोला, आकाश कुमार आदि उपस्थित थे।








