बागेश्वर: जनपद के शीशाखानी ग्राम सभा के छाना उपाध्याय तोक के सेमधार क्षेत्र में एक गुलदार पिंजरे में फंस गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। बीते कुछ समय से क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से लोग दहशत में थे। बता दे कि गुलदार की लगातार बढ़ती चहलकदमी के चलते वन विभाग द्वारा चार दिन पूर्व गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था। आज शाम गुलदार उसी पिंजरे में कैद हो गया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत महसूस की। वन क्षेत्राधिकारी केवलानंद पांडे ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की आवाजाही की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते पिंजरा लगाया गया था। उन्होंने बताया कि पकड़े गए गुलदार को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर वन विभाग की टीम द्वारा उचित स्थान पर छोड़ा जाएगा।








