logo

अंतरराष्ट्रीय ओपन कुक्कीवोन कप में बागेश्वर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,1 स्वर्ण,1 रजत और 3 कांस्य पदक जीते

खबर शेयर करें -

राजधानी दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओपन कुक्कीवोन कप 2025 में बागेश्वर की हृदयांश एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। एकेडमी के दस खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें से पाँच खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। इस प्रतियोगिता में दक्षिण कोरिया, जापान, फ्रांस, थाईलैंड, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और भारत सहित 20 से अधिक देशों के खिलाड़ी शामिल हुए।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन कुक्कीवोन द्वारा किया जाता है, जो विश्व ताइक्वांडो का मुख्यालय भी है। इस वर्ष पहली बार इसका आयोजन भारत में हुआ, जो देश के लिए गौरव का क्षण रहा। इस आयोजन ने न केवल भारतीय ताइक्वांडो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें विश्वस्तरीय अनुभव भी प्राप्त हुआ। बागेश्वर जिले से प्रियांशु कार्की ने स्वर्ण पदक, हितांश उपाध्याय ने रजत पदक, जबकि आराध्या, अनमोल और विशाल ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम ऊँचा किया। कोच और सचिव जिला ताइक्वांडो एवं पारा एसोसिएशन किशोर कुमार ने बताया कि, बच्चों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और कोरियाई खिलाड़ियों से मिली नई तकनीकों से वे आगे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। गोल्ड मेडल विजेता प्रियांशु कार्की ने बताया कि प्रतियोगिता में कई देशों के खिलाड़ी शामिल थे, जिनसे मुकाबला करना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रियांशु ने कहा कि, उसका सपना है कि वो ओलंपिक में देश के लिए खेले और देश को गोल्ड दिलाऊं। रजत पदक विजेता हितांश उपाध्याय ने कहा कि, दिल्ली में पहली बार इतनी बड़ी प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिला और इससे बहुत कुछ नया सीखने को मिला। हितांश ने कहा कि, यह अनुभव उसके लिए यादगार रहा। उसने कई देशों के खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखा और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखा है। गोल्ड पदक विजेता प्रियांशु कार्की की माता ललिता कार्की ने बेटे की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि, बच्चे ने बहुत मेहनत की है, उसे गोल्ड मेडल मिला। इससे हम सब बहुत खुश हैं। यह पूरे परिवार और जिले के लिए गर्व की बात है।बागेश्वर के इन युवा खिलाड़ियों ने साबित किया है कि छोटे शहरों के बच्चे भी कड़ी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। वही आज उनके बागेश्वर पहुंचने पर एकेडमी में उनके अभिभावकों और अन्य लोगों ने उनका स्वागत करते हुए मिष्ठान वितरण किया।

यह भी पढ़ें 👉  स्वतंत्रता सेनानी स्मारक की स्थिति पर भड़का संगठन, त्रुटि न सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp