बागेश्वर। गोगिना पानी क्षेत्र के तिमली सैड़ में गोपाल राम की हत्या के मामले में कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को फल्टनिया-कांडा रोड स्थित कच्ची सड़क से दबोचा।
पुलिस के अनुसार, मृतक के बहनोई फकीर राम निवासी फिटालगांव की तहरीर पर जीवन सिंह कुंवर पुत्र प्रताप सिंह (42) और पुष्कर सिंह पुत्र शेर सिंह (52), दोनों निवासी गोगीनापानी, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर तत्काल फोरेंसिक यूनिट बागेश्वर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए फोरेंसिक टीम अल्मोड़ा से भी सहयोग लिया गया। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह को सौंपी गई है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से फोरेंसिक एवं डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने के बाद दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें फल्टनिया-कांडा रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।








