बागेश्वर। देवभूमि बागेश्वर के ऐतिहासिक बागनाथ मंदिर में स्वर्णकार संघ के तत्वावधान में गणेश महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष गीता रावल, स्वर्णकार संघ अध्यक्ष पारस वर्मा और नगर व्यापार मण्डल अध्यक्ष कवि जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शुभारंभ से पूर्व नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा बागनाथ मंदिर पहुंची तो पूरा वातावरण गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की गई। पूजा-अर्चना पंडित गणेश जोशी और मुख्य यजमान गोरखनाथ गायकवाड़ ने विधि-विधान से सम्पन्न कराई।
आयोजकों ने बताया कि गणेश महोत्सव कुल पांच दिन तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन भगवान गणपति की विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। छठे दिन भव्य शोभायात्रा के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा, जिसके साथ महोत्सव का समापन होगा। महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर हो गया। श्रद्धालु गणपति बप्पा के दर्शन कर भावविभोर होते रहे। वहीं मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर बताया कि गणेश महोत्सव का लोग पूरे वर्ष इंतजार करते हैं। गणपति बप्पा सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें और जिले में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद बरसाएं।
बागेश्वर बिलोना में आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश पूजन महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। महोत्सव के लिए पूजा पंडाल को सजाया गया है। बिलोना में गणपति महोत्सव बीते 22 वर्षों से ( 2004) से लगातार आयोजित होता आ रहा है। आज भी सर्वप्रथम पारंपरिक ढोल नगाड़ों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें नारी शक्ति पारंपरिक वेश भूषा में शामिल हुई और कलश यात्रा के पंडाल में पहुंचने के बाद गणेश पूजा महोत्सव का शुभारंभ हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ये महोत्सव पूरे दश दिनों तक आयोजित होगा जिसमें भजन कीर्तन के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा जिसके बाद गणेश चतुर्दशी के दिन भव्य शोभायात्रा के साथ सरयू नदी में गणेश शिला के समुख मूर्ति विसर्जन का आयोजन किया जाएगा।
