logo

गुलदार के हमले से घबराकर खाई में गिरी महिला, मौके पर मौत; इलाके में दहशत

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। काफलीगैर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिनसर के जंगलों में घास काटने गई एक महिला की गुलदार के हमले के बाद खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर गहरा रोष देखा जा रहा है। हालांकि वन विभाग की ओर से अब तक गुलदार के हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पासदेव गांव निवासी तारा देवी (पत्नी प्रेम राम) मंगलवार को अन्य महिलाओं के साथ बिनसर के जंगल में घास काटने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शी विमला देवी के अनुसार इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने तारा देवी पर अचानक हमला कर दिया। हमले से घबराकर महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस व ग्रामीणों ने खाई से निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष मनबर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान महिला को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों के सिमटने के कारण मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रुड़की के बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर में बाढ़ राहत कार्यों के लिए संयुक्त अभ्यास आयोजित किया गया
Ad
Share on whatsapp