बागेश्वर: पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्सवाण को राजीव गांधी पंचायत राज संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति कांग्रेस के केंद्रीय महामंत्री केसी बेणुगोपाल ने की है। फर्सवाण के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर क्षेत्रीय जनता और कांग्रेसियों में खुशी की लहर है।
राजीव गांधी पंचायत राज संगठन का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले श्री फर्सवाण अनेक पदों पर रह चुके हैं। वर्ष 1997 में वे गढ़सेर के ग्राम प्रधान बने। 2002 में अणा क्षेत्र से तथा 2007 में कौसानी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य रहे। वर्ष 2012 से 2017 तक कपकोट विधानसभा के विधायक रहे। वर्ष 2014 में उन्हें आदर्श युवा विधायक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इससे पूर्व 2009 में उन्हें आंबेडकर फैलोशिप सम्मान से नवाजा गया। वर्ष 2018 में उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री का दायित्व दिया गया। वर्ष 2019 से वे स्टेट बार काउंसिल के सदस्य नामित किए गए हैं। वर्ष 1999 से वे नवयुवक समिति गरुड़ के ब्लाक अध्यक्ष हैं। फर्सवाण की इस उपलब्धि पर पूर्व राज्यमंत्री गोपाल दत्त भट्ट, जिलाध्यक्ष भगत डसीला सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने उन्हें बधाई दी है।



