बागेश्वर। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो जिला प्रशासन और न ही अस्पताल प्रशासन ने स्थिति में सुधार किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “डबल इंजन की सरकार” के दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। उनके अनुसार, जिला अस्पताल की स्थिति इस बात का प्रमाण है कि बागेश्वर की जनता की अनदेखी की जा रही है और उनकी जान जोखिम में डाली जा रही है।
इस दौरान यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोकुल परिहार, ब्लॉक अध्यक्ष चौरा, सैनिक कल्याण के अध्यक्ष राम सिंह गढ़िया, छात्रसंघ अध्यक्ष सागर जोशी, महासचिव ललित कुमार, पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पंकज कुमार, संदीप भंडारी सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।








