बागेश्वर। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी संघ की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरज कोहली उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर तथा चिकित्सा अधिकारी संघ की संरक्षक डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत किया गया तथा वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश सिंह का अभिनंदन किया गया।
बैठक के दौरान जिला आयुर्वेद चिकित्साधिकारी संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें डॉ. एजल पटेल को अध्यक्ष, डॉ. ईश्वर प्रकाश को सचिव, डॉ. विपिन चंद्रा को उपाध्यक्ष, डॉ. सविता सनवाल को महिला उपाध्यक्ष, डॉ. पंकज मिश्रा को उप सचिव, डॉ. हेमा गोस्वामी को आय-व्यय निरीक्षक तथा डॉ. संजय आगरी को मीडिया प्रभारी निर्वाचित किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी को प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. नीरज कोहली ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संघ के माध्यम से आयुर्वेद चिकित्सकों के संवर्ग हितों की रक्षा तथा सेवा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।








