बागेश्वर। सैम मंदिर वार्ड नदीगांव में श्री शिव पुराण हवनात्मक कथा के पावन शुभारंभ अवसर पर आज भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की मातृशक्ति की सहभागिता ने आयोजन को गरिमा और भव्यता प्रदान की, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा सैम मंदिर परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा बाबा बागनाथ मंदिर से होती हुई सरयू–गोमती संगम तक पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं द्वारा विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात कलश यात्रा पुनः सैम मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों, शंखनाद एवं जयकारों के साथ नगर भ्रमण किया। मार्ग भर श्रद्धालुओं की उपस्थिति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक उल्लास से ओतप्रोत रहा। बता दे कि सैम मंदिर वार्ड समिति के तत्वावधान में 19 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक श्री शिव पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में प्रतिदिन हवन, कथा वाचन, भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। समापन अवसर पर पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। कार्यक्रम में सैम मंदिर समिति के अध्यक्ष दयाल पांडे, महंत सुंदर गिरी महाराज,कथावाचक गणेश दत्त जोशी, यजमान दिनेश जोशी,विजय पाल सिंह,गोविंद मटियानी,कंचन सिंह, शेर सिंह, हरीश उपाध्याय,महिप किशोर पांडे, पुरन सिंह उमेश पांडे, महिप किशोर,विवेक जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।








