अल्मोड़ा : सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी में पंजीकृत भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मु०अ०सं०-03/2026, धारा 07 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत आरोपी नवीन नौटियाल पुत्र गोविन्द प्रसाद, जो वर्तमान में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फॉरेस्टर के पद पर तैनात था, को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि नवीन नौटियाल ने शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गडान-ढुलान कार्य के लिए वर्ष 2026 में पंजीकरण के नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के एवज में 25,500 रुपये की रिश्वत मांगी थी। सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी, रेंज जागेश्वर, सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा को भी सह-अभियुक्त बनाया गया है, जिनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।








