बागेश्वर। वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और वनों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष गुप्त निगरानी अभियान के तहत बागेश्वर वन प्रभाग की टीम ने जोशीगांव क्षेत्र में एक महिला को वन क्षेत्र में आग लगाते हुए पकड़ा है। विभाग ने महिला के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए अर्थदंड भी वसूला है।
वन विभाग के अनुसार, प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में वनाग्नि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, गुप्त निगरानी और सूचना तंत्र के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के दौरान बाघोली क्षेत्र में वनाग्नि की घटना सामने आने पर विभागीय टीम ने जांच की।
वन क्षेत्राधिकारी बागेश्वर श्याम सिंह करायत ने बताया कि मामले में श्रीमती रेवती देवी पत्नी आनंद सिंह निवासी जोशीगांव को नोटिस जारी किया गया था। पूछताछ के दौरान महिला ने वन अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद भारतीय वन अधिनियम और प्रासंगिक वन नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अर्थदंड वसूला गया।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगलों में आग लगाना गंभीर अपराध है, जिससे वन संपदा, वन्यजीवों के आवास और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचता है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन क्षेत्रों में आग न लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। वनाग्नि की रोकथाम के लिए विभाग लगातार जनजागरूकता अभियान, गश्त और ड्रोन निगरानी जैसे उपाय भी कर रहा है।








