बागेश्वर/कौसानी। पर्यटन सीजन और बढ़ती गर्मी को देखते हुए पर्यटकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कौसानी क्षेत्र में होटल, रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट पर वृहद औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को की गई।
अभियान के दौरान कुल 10 होटल एवं रिसॉर्ट का निरीक्षण किया गया, जिसमें रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की गहन जांच की गई। निरीक्षण टीम ने किचन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए स्टाफ को स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।
जांच के दौरान कई स्थानों पर खामियां पाई गईं। टीम ने मौके पर ही जूस की 4 बोतलें, मसालों के 3 पैकेट तथा डीप फ्रीजर में रखी बासी दाल और चिकन को नष्ट कराया। संबंधित संचालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी होटल एवं रिसॉर्ट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटकों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और FSSAI के मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन के दौरान ऐसे औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे। आमजन से अपील की गई है कि कहीं भी गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थ मिलने पर टोल फ्री नंबर 1800-180-424 पर शिकायत दर्ज कराएं।








