बागेश्वर। अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से फायर सर्विस बागेश्वर द्वारा जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय, बिलौना में विशेष फायर रिस्क निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में फायर यूनिट ने कार्यालय परिसर का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया। इस दौरान भवन में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, संभावित जोखिमों और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही संचालन एवं उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। फायर कर्मियों ने बताया कि आग लगने की प्रारंभिक स्थिति में सही तरीके से उपकरणों का प्रयोग कर बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इसके अलावा कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटनाओं के कारण, उनसे बचाव और रोकथाम के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। फायर यूनिट ने आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सही प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृत्रिम रूप से आग लगाकर अग्निशमन कार्य का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें कर्मचारियों को आग बुझाने की तकनीक और सुरक्षा उपायों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में रुचि दिखाते हुए फायर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल भी पूछे। फायर विभाग ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में आग से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं के समय त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।








