logo

सड़क निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे फतेह सिंह करायत,ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व प्रधान ने दिया समर्थन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर । स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत के नाम पर प्रस्तावित मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सेनानी के उत्तराधिकारी फतेह सिंह करायत आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि वर्षों से मांग उठाने और कई बार ज्ञापन देने के बावजूद शासन-प्रशासन ने सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
फतेह सिंह करायत ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत मोटर मार्ग के लगभग सात किलोमीटर विस्तार का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि यह मार्ग बनने से क्षेत्र के लगभग 15 से 20 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही एनएच-309 से संपर्क स्थापित होने पर क्षेत्र के कई गांवों की आवाजाही आसान होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में जनप्रतिनिधियों और शासन स्तर से कई बार सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। उनका कहना है कि यह केवल सड़क निर्माण का मुद्दा नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और क्षेत्र की जनता के अधिकारों से जुड़ा विषय है।
आमरण अनशन को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कराला पालड़ी चंदन सिंह तथा ग्राम प्रधान बंगचूड़ी नंदन सिंह भी फतेह सिंह करायत के साथ अनशन पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है और जब तक शासन इस पर ठोस निर्णय लेकर निर्माण कार्य शुरू नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।अनशनकारियों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र शासनादेश जारी कर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Share on whatsapp