बागेश्वर। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत 5 जून 2025 को कृषि विज्ञान केंद्र एवं राज्य कृषि विभाग की संयुक्त टीमों ने जनपद के तीनों विकासखण्डों के चयनित गांवों का दौरा किया। इस दौरान किसानों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
विशेष अभियान के अंतर्गत वैज्ञानिकों ने किसानों को स्वास्थ्य हेल्थ कार्ड, प्राकृतिक खेती, मौसम आधारित फसल चक्र एवं कम लागत में अधिक उत्पादन देने वाली तकनीकों की जानकारी दी। मिट्टी परीक्षण, औषधीय फसलों की खेती, जल संरक्षण, वर्मी कम्पोस्ट व जैविक खेती से जुड़ी योजनाओं में किसानों ने गहरी रुचि दिखाई।
इसके अतिरिक्त कीट प्रकोप और उससे होने वाले नुकसान पर भी विशेषज्ञों ने विशेष चर्चा की। उन्होंने किसानों की स्थानीय समस्याओं का समाधान बताते हुए उन्हें आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रयोग और प्रदर्शन का व्यावहारिक अनुभव भी कराया।
वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केंद्र बागेश्वर के अध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान न केवल कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि यह ग्रामीण युवाओं को खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने हेतु भी प्रेरित कर रहा है।






