लगातार भूस्खलन से मकान पर मंडराया खतरा, ग्रामीण ने लगाई राहत की गुहार
बागेश्वर । जिले के रतबे क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र निवासी दिनेश सिंह बिष्ट ने तहसील प्रशासन को पत्र भेजकर अपने मकान और परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल राहत कार्य कराने की मांग की है।
तहसीलदार को भेजे पत्र में बताया गया है कि छह जुलाई की सुबह हुई भारी बारिश के बाद गांव के ऊपर स्थित जमीन और आम रास्ता धंसने लगा है। लगातार हो रहे भू-धंसाव के कारण मकान के नीचे की भूमि भी प्रभावित हो रही है, जिससे मकान को नुकसान पहुंचने और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीण ने बताया कि पहाड़ी से लगातार मलबा और पानी आने के कारण आम रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि परिवार को एहतियातन मकान खाली करना पड़ा है और लोग भय के साये में जीवन यापन कर रहे हैं।
प्रार्थना पत्र में प्रशासन से मांग की गई है कि आपदा राहत के तहत तत्काल सुरक्षात्मक कार्य किए जाएं। विशेष रूप से प्रभावित स्थान पर 20×10 मीटर रिटेनिंग वॉल (पुश्ता) का निर्माण कराया जाए, ताकि भूस्खलन को रोका जा सके और मकान तथा आसपास की भूमि को सुरक्षित किया जा सके।
ग्रामीण ने बताया कि मामले की जानकारी पहले ही आपदा नियंत्रण कक्ष को भी दी जा चुकी है, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया था। बावजूद इसके अब तक स्थायी सुरक्षा कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराने और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षात्मक उपाय शुरू करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित जनहानि से बचा जा सके।








