logo

दो हफ्ते बाद भी नहीं खुला खातीगांव-देवतोली-नरगोली-चंतोला मोटर मार्ग, राशन और गैस संकट गहराया

खबर शेयर करें -

कल्मट टूटने से ठप हुई आवाजाही, ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
बागेश्वर। कांडा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित खातीगांव-देवतोली-नरगोली-चंतोला मोटर मार्ग पर बीते 27 जून को भैंसखाल गधेरे में कल्मट टूटने के बाद हालात लगातार बदतर बने हुए हैं। सड़क क्षतिग्रस्त हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मार्ग आज तक एक दिन के लिए भी पूरी तरह यातायात योग्य नहीं बन पाया है। इससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग ने वैकल्पिक मार्ग बनाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की है। मार्ग पर कीचड़ और बड़े धंसान के कारण हल्के वाहन भी नहीं गुजर पा रहे हैं। मजबूरी में ग्रामीणों ने श्रमदान कर दोपहिया वाहनों के लिए एक अस्थायी रास्ता तैयार किया है, लेकिन यह मार्ग बेहद जोखिम भरा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
सड़क बंद होने का असर अब क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों पर भी पड़ने लगा है। नरगोली, ठांगा और चंतोला ग्राम सभाओं की तीन सस्ता गल्ला दुकानों तक खाद्यान्न नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं के सामने राशन संकट खड़ा हो गया है। वहीं, पिछले 56 दिनों से गैस सिलेंडर लेकर आने वाला वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका है, जिसके चलते लोगों को रसोई गैस की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कपकोट विधायक के निर्देशों के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है और न ही मार्ग बहाली के कोई ठोस प्रयास दिखाई दे रहे हैं।
स्थिति से नाराज जिला पंचायत सदस्य सरोज आर्या, सस्ता गल्ला विक्रेता पूरन भौर्याल, अनिल रौतेला, राजेन्द्र राम, मनमोहन सिंह और पूरन चंद्र समेत तीनों प्रभावित ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द क्षतिग्रस्त कल्मट का पुनर्निर्माण कर सुरक्षित और स्थायी मार्ग बहाल नहीं किया गया या आवाजाही योग्य वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया तो वे उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि वे बुनियादी सुविधाओं के लिए और अधिक समय तक संघर्ष करने की स्थिति में नहीं हैं और प्रशासन को इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  कुली बेगार आंदोलन की तरह अन्याय के खिलाफ फिर उठानी होगी आवाज, बागेश्वर से गरजे गणेश गोदियाल
Ad
Share on whatsapp