बागेश्वर : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग भारत सरकार ने डा. जगदीश पांडेय को उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। नियुक्ति एक जनवरी से प्रभावी होगी तथा 31 दिसंबर 2028 तक तीन वर्षों की अवधि के लिए मान्य रहेगी।
पांडेय को यह नियुक्ति मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक कल्याण कार्यों तथा लोकसेवा में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए की गई है। आयोग के चेयरमैन वी. रामासुब्रमण्यम ने नियुक्ति पत्र जारी किया है। जिसमें उन्हें राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों, बैठकों, जागरूकता अभियानों, सेमिनारों तथा सरकारी फोरम में आयोग का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार प्रदान किया गया है। डा. पांडेय को आधिकारिक पहचान पत्र, नियुक्ति प्रमाणपत्र, यात्रा व आवास सुविधा सहित कई अधिकार तथा दायित्व भी सौंपे गए हैं, जिससे वह आयोग की नीतियों तथा उद्देश्यों को धरातल तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। आयोग ने डा. पांडेय को आगामी 26 जनवरी 2026 को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में सम्मान के लिए नामांकित किया है। आयोजन समिति उनकी यात्रा व आवास व्यवस्था करेगी तथा वह एक स्वजन या सहयोगी को साथ ले जा सकेंगे।








