बागेश्वर : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर में राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वितीय सामान्य शिविर के अंतर्गत दान उत्सव कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह आयोजन 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ नेहा पालनी ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से समाजसेवा की भावना के साथ जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. देवेन्द्र राणा के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया और परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों ने लोगों से कपड़े, किताबें,खिलौने और उपयोगी वस्तुएं जरूरतमंदों को दान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के दौरान NSS इकाई विभिन्न सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित करेगी जिनमें रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, वृद्धाश्रम भ्रमण, और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा जागरूकता अभियान शामिल हैं। वहीं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. पुष्पा ने कार्यक्रम में कहा कि दान उत्सव केवल वस्तुओं के दान का नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना के विस्तार का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि NSS स्वयंसेवक समाज के सबसे सक्रिय परिवर्तनकारी तत्व हैं और ऐसे आयोजन युवाओं में सकारात्मकता का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में डॉ श्वेता आर्य,छात्र संघ अध्यक्ष सागर जोशी, ललित कुमार,हर्षवर्धन पांडे,दीपांशु आर्य,दिया खेतवाल,पीयूष तिवारी व अन्य स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। सभी ने मिलकर समाज में देने की भावना, सेवा की प्रेरणा का संदेश दिया।








