logo

डीएम का कमस्यार में औचक निरीक्षण, भैंसखाल कल्मट प्रकरण पर पीएमजीएसवाई अधिकारियों को लगाई फटकार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर/कांडा। सीमांत कमस्यार क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार को क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खातीगांव–देवतोली–नरगोली मोटर मार्ग पर भैंसखाल के समीप 27 फरवरी को क्षतिग्रस्त हुए कल्मट का जायजा लिया और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य में हुई देरी पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त कल्मट सहित चँतोला सड़क के सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों का तत्काल आगणन (एस्टीमेट) तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सड़क की मरम्मत और कल्मट निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रीय जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने काँडा–रावतसेरा मोटर मार्ग पर डोबरगाड़ा के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुरक्षा कार्य और मरम्मत जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति से आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी और अब प्रशासन की पहल से जल्द समाधान की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जगदीश पुरी, थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज, पीएमजीएसवाई के अभियंता एन.के. जोशी तथा राजस्व उपनिरीक्षक दयाकृष्ण पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share on whatsapp