logo

जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ,80 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में लिया भाग

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : जिला ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास और एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में जिले भर से 80 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों और भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताए आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने कौशल और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। ताइक्वांडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वही एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने बच्चों और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। इस दौरान विवेक तिवारी,विपिन पाठक, उपाध्यक्ष गणेश धपोला,सचिव किशोर कुमार,सह सचिव जगदीश उपाध्याय,संजय कुमार,गौरव सिंह,तेजेंदर शर्मा,गौरव कुमार, अभिषेक यादव, हनुमंत आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp