बागेश्वर: भटखोला के आपदा प्रभावितों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दणोंछीना-लोब मोर मार्ग पर भटखोला के समीप सड़क क्षतिग्रस्त है। आवासीय घरों के सामने एक बड़ा गड्ढा बन गया है। जिसके मकानों तथा ग्रोथ सेंटर पर खतरा मंडरा रहा है।
सोमवार को ग्रामीणों ने नारेबाजी के साथ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कहा कि तहसील प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। भटखोला के समीप सड़क पर गड्ढा बन गया है। जिससे अजय कुमार, भुवन चंद्र, धीरज कुमार, शिव लाल, देवेंद्र कुमार आदि के मकान तथा उद्योग विभाग का ग्रोथ सेंटर खतरे में आ गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा तो बड़ी घटना हो सकती है। सड़क मार्ग का पक्का निर्माण, नाली आदि बनाने की मांग की। कहा कि वर्तमान में अजय कुमार, भुवन चंद्र के मकानों को क्षति पहुंची। शीघ्र निर्माण कार्य नहीं हुआ तो अन्य को भी खतरा होगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य चंदन सिंह, नवल टम्टा, अजय कुमार, मोहन लाल, संजय कुमार, अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।
