logo

दिलेश्वर धाम मंदिर में चोरी, दोपहर के समय दिया वारदात को अंजाम

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। छटिया और स्याली ग्रामसभा के बीच स्थित प्रसिद्ध दिलेश्वर धाम मंदिर में शनिवार को चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है। उस वक्त मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।
छटिया के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी ने बताया कि मंदिर के महंत प्रकाश गिरी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार, दोपहर के समय मंदिर में कोई नहीं था, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
प्रमोद जोशी ने कहा कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है। इस प्रकार के कृत्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि घटना की पूरी छानबीन की जाएगी और पुलिस को इसकी सूचना दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में उनके द्वारा कोतवाली में तहरीर दी जा रही है। पुलिस से मामले की जांच कर चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।
घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Share on whatsapp