गरुड़। मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ में नव निर्मित डिजिटल एक्स-रे कक्ष एवं आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन का शुभारंभ दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि ऑपरेशन थिएटर के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को सामान्य एवं आवश्यक शल्य चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सीपीआर सहित विभिन्न आधुनिक स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार का लाभ मिलेगा।
दर्जा राज्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सपना राजपूत ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे मशीन शुरू होने से अब मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में ही उच्च गुणवत्ता के एक्स-रे निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, राजू नेगी, मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, वरिष्ठ फार्मेसिस्ट आनंद वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








