बागेश्वर
पृथक विकासखंड की मांग को लेकर कांडा कालिका मंदिर परिसर में चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के चौदहवें दिन कांग्रेस नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया और मांग को जायज बताया।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट सहित अन्य नेताओं ने आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास के लिए पृथक विकासखंड की मांग लंबे समय से उठ रही है, जिसे अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
आंदोलन के तहत चल रही ‘महातपस्या’ के चौदहवें दिन क्रमिक अनशन पर पूर्व शिक्षक नेता गिरधारी सिंह रावत, ग्राम प्रधान भेंटा नंद राम और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि माणा कभड़ा राजेंद्र बोरा बैठे। आंदोलन की बैठक की अध्यक्षता भूतपूर्व सैनिक बलवीर सिंह भंडारी ने की।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पृथक विकासखंड बनने से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को प्रशासनिक सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
धरना स्थल पर दरपान सिंह धपोला, पंकज कुमार, विनोद कुमार, गणेश कुमार, अर्जुन माजिला, मनीष पंत, भैरव दत्त चंदोला, अनिल चंदोला, गंगा लाल वर्मा, बिरेन्द्र नगरकोटी, प्रकाश नगरकोटी, निर्मल शाह सहित कई लोग मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








