logo

सरयू में बहे मासूम राकेश का शव पांचवें दिन बरामद, परिजनों में मचा कोहराम

खबर शेयर करें -

कपकोट। कपकोट के शिवालय क्षेत्र में सरयू नदी में बह गए छह वर्षीय मासूम राकेश सिंह का शव घटना के पांचवें दिन शुक्रवार को असौं गांव के पास कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप नदी से बरामद हो गया। शव मिलने की पुष्टि बालक के ताऊ खीम सिंह ने की है। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील के लाहुर गांव निवासी राकेश सिंह (पुत्र नारायण सिंह) 20 जुलाई को अपनी मां कमला देवी के साथ शिवालय गया था। इसी दौरान सरयू नदी से पानी भरते समय वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया था। घटना के बाद से ही पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल लगातार उसकी तलाश में जुटे थे।
शुक्रवार को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान बालक का शव असौं गांव के पास कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के सामने नदी में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सर्च अभियान में एनडीआरएफ के राजेंद्र रावत, टीका सिंह कार्की, नवीन कांडपाल, पंकज कुमार और नवीन गोस्वामी सहित पुलिस व अन्य बचाव दल के जवान लगातार जुटे रहे। पांच दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद बालक का शव बरामद किया जा सका।
उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, विधायक सुरेश गढ़िया ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  खेल प्रतिभाओं को मिला मंच,बागेश्वर में 16 न्याय पंचायतों के 132 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
Ad
Share on whatsapp