बागेश्वर। विदेश में मोटी तनख्वाह वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने कपकोट क्षेत्र के एक बेरोजगार युवक से 3,17,090 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।
ठगों ने अमेजन यूके में नौकरी, वीजा और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ऐंठी। पीड़ित की तहरीर पर कपकोट पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कपकोट के पुड़कुनी निवासी महेश सिंह मेहरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मार्च 2026 में फेसबुक पर उन्हें अजराक लिमिटेड यूके नामक कंपनी का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन के माध्यम से उनकी टेलीग्राम पर रोहन कुमार नाम के व्यक्ति से बातचीत हुई। आरोपी ने खुद को विदेशी कंपनियों में नौकरी दिलाने वाला एजेंट बताते हुए महेश से आधार कार्ड, पासपोर्ट, बायोडाटा और पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) सहित अन्य दस्तावेज मंगवा लिए।
महेश के अनुसार 25 मार्च 2026 को रोहन कुमार ने संदेश भेजकर बताया कि उनका चयन अमेजन यूके के लिए हो गया है। इसके बाद वर्क इनविटेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर इनवॉइस भेजकर हर्ष गौतम के बैंक खाते में 40,003 रुपये जमा करा लिए। 30 मार्च को उनकी ईमेल पर अमेजन यूके का कथित जॉइनिंग लेटर भी भेजा गया जो बाद में फर्जी निकला।
इसके बाद यूके वीजा, हेल्थ इंश्योरेंस, वीएफएस ग्लोबल प्रोसेसिंग और यूके में सैलरी अकाउंट खुलवाने के नाम पर रोहन कुमार ने महेश की बातचीत खुद को वीजा विशेषज्ञ बताने वाले डस्टिन ब्रेडशॉ से कराई। आरोप है कि डस्टिन ने अलग-अलग तिथियों में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के तीन खातों में क्रमशः 74,260 रुपये, 92,217 रुपये और 1,10,610 रुपये ट्रांसफर करा लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो वीजा मिला और न ही फ्लाइट टिकट। तब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया। इस दौरान उनसे और रुपये की मांग की गई।
खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर महेश ने पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में कपकोट थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।








