बागेश्वर: भारी भरकम बिजली के बिल देख उपभोक्ता भड़क गए। नाराज लोगों ने जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि उनके बिलों को ठीक नहीं किया गया तो वह आंदोलन शुरू करेंगे। जिलाधिकारी से मामले की जांच की मांग की है।
स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ही लोगों के बिजली के बिलों में एकाएक बढ़ोत्तरी हो गई है। जिके बिल सैकड़ों में आते थे अब वह हजारों में आ रहे हैं। बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी से जनता परेशान है। जौलकांडे के लोग ललित मोहन लोहनी के नेतृत्व में शुक्रवार को उपभोक्ता तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पिछले माह बिजली विभाग द्वारा भेजे गए बिल बेहद अधिक आए हैं। इन बिलों का भुगतान करना आम जनता के लिए संभव नहीं है। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि अनीता लोहानी का बिल 15,770 रुपये, 29,857 रुपये और 9,139 रुपये, गोकुलानंद का बिल 29,737 रुपये, 1,942 रुपये और चद्रा देवी का 3,520 रुपये का बिल आया है। महिलाओं का कहना है कि वे हर माह नियमित रूप से बिल जमा करती हैं, इसके बाद भी इतने अधिक बिल भेजे जाना समझ से परे है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर बिलों को सही करवाने और उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की है।








