कपकोट: सुंदरढूंगा के देवीकुंड धाम में मां आनंदेश्वरी दुर्गा धाम मंदिर का निर्माण पूरा हो गया है। मां भगवती की कृपा से प्रतिकूल परिस्थितियों में मंदिर निर्माण होने पर साधु-संत तथा भक्तों में प्रसन्नता है। शीघ्र ही मंदिर में अष्टधातु की मूर्ति स्थापित होगी। जिसके लिए मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण दिया गया है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह ने बताया कि देवीकुंड 15000 फीट ऊंचाई पर है। धाम में मां भगवती विराजमान है। विश्व का सबसे अधिक ऊंचाई वाला देवी मंदिर बनकर तैयार हो गया है। यहा महादेव ने दिव्य कुंड का निर्माण किय। वर्तमान में वह देवीकुंड धाम के नाम से विख्यात है। जिसके दर्शनों से ही महापुण्य की प्राप्ति होती है। यहां पहुंचने पर एक अलौकिक दिव्य आनंद प्राप्त होता है। देवीकुंड धाम के आसपास ब्रह्मकमल खिले रहते हैं। कुंड चारों ओर से हिमालय की श्रृंखलाओं से घिरा है। जिसकी शोभा अद्भुत है। देवीकुंड धाम पहुंचने के लिए खाती से 30 किमी का पैदल ट्रेक है। वैलोनी टाप, सुदरढूंगा, मेकतोली, जीरो प्वाइंट यहां के पर्यटन स्थल हैं। बाल योगी बाबा चैतन्याकाश ने कहा कि शीघ्र ही मंदिर में अष्टधातु मूर्ति स्थापित होगी। उन्होंने व्यस्थापक गिरीश परिहार, भक्त राजू बाबा, आनंद सिंह, देव सिंह, तारा सिंह, नंदन सिंह, हीरा सिंह, प्रताप सिंह, गोविंद सिंह, शिव सिंह, धीरेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, गजेंद्र सिंह आदि का आभार व्यक्त किया है। कहा कि विषम परिस्थितयों में भक्तों ने हार नहीं मानी। समय पर मंदिर का निर्माण पूरा हो सका है।






