बागेश्वर। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस लोकमणी पाठक ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय में एकत्र हुए और इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। लोकमणी पाठक ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि देश की तकदीर बदलने वाली मजबूत और दूरदर्शी महिला नेता थीं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के कठोर निर्णय और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की नीति आज भी भारत की राजनीति में प्रेरणा का स्रोत हैं। पाठक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इंदिरा गांधी के विचारों सशक्त भारत, आत्मनिर्भरता, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय सुरक्षा को अपने कार्यों में उतारें। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने भी इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने कहा कि 1971 का युद्ध विजय, हरित क्रांति, बैंकों का राष्ट्रीयकरण और गरीबों के उत्थान की योजनाएँ आज भी उन्हें एक दूरदर्शी नेता के रूप में स्थापित करती हैं। ऐठानी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को इंदिरा गांधी के संघर्षों और योगदानों से सीखने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के विकास और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जो कार्य किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में बालकृष्ण, विनोद पाठक,बहादुर बिष्ट,गोबिंद गोस्वामी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








