बागेश्वर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित रूप से किए गए शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष नवल किशोर टम्टा ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई करने के बजाय शुद्धिकरण करने वाले लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष नवल किशोर टम्टा ने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की रैली के साथ जो शुद्धिकरण किया गया, वह केवल कांग्रेस या किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कृत्य का घोर विरोध करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के बजाय भाजपा अब इस मामले में राजनीति कर रही है और संबंधित लोगों को बचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान से जुड़े ऐसे मामलों में राजनीतिक संरक्षण के बजाय निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। टम्टा ने कहा कि दलित समाज के सम्मान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि शुद्धिकरण की घटना को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग मामले को लेकर आंदोलन करेगा।
जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने इस मामले पर भाजपा सरकार पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी नेता और उसके साथ जुड़े सामाजिक वर्ग का इस तरह अपमान करना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा दलित विरोधी रही है यही कारण है कि भाजपा के नेता इस तरह के कार्यों को अंजाम देते है और उन पर कोई कार्यवाही भी नहीं होती है। इस दौरान भीम कुमार, कमल टम्टा, प्रमोद कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








