logo

पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर कांग्रेस का सरकार पर हमला

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से लेकर अब तक प्रदेश सरकार ऐसी कोई बड़ी परीक्षा आयोजित नहीं करा पाई है, जिसका पेपर लीक न हुआ हो। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बावजूद पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक हो गया, जिससे सरकार के दावों की पोल खुल गई।

यह भी पढ़ें 👉  पूजा के दौरान मकान पर गिरा पेड़, छह महिलाएं घायल,पांच की हालत गंभीर

नेताओं ने नकल माफिया के कथित मास्टरमाइंड हाकम सिंह को बेल मिलने पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि सरकार की कमजोर पैरवी के कारण उसे जमानत मिली और असली गुनहगारों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  धपोला सेरा में तेज आंधी से दो मकानों और सेम मंदिर परिसर को नुकसान, टला बड़ा हादसा

प्रेस वार्ता में हाल ही में देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि नीट परीक्षा में पेपर लीक की आशंकाओं और उससे उपजे तनाव ने छात्रा को मानसिक रूप से प्रभावित किया, जो प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली इस व्यवस्था के खिलाफ उसका संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी ने भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा नकल माफिया के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी,पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी, बसंत कुमार, बालकृष्ण,मनोज पांडे, दीपक गढ़िया,भूपेश ऐठानी,कमलेश गड़िया,गोकुल परिहार आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp