बागेश्वर। मुख्यमंत्री के बागेश्वर दौरे को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने मुख्यमंत्री के दौरे को पूरी तरह निराशाजनक बताते हुए कहा कि यह दौरा जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका।
अर्जुन भट्ट ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश निंदनीय है और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा “झूठ की बहार” साबित हुआ। जनता को गुमराह करने के अलावा इसमें कुछ भी सार्थक देखने को नहीं मिला। भट्ट ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग द्वारा जबरन गाड़ियों को कार्यक्रम स्थल तक भेजा गया, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कांग्रेस आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन करेगी।
अर्जुन भट्ट ने सवाल उठाते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री का बागेश्वर दौरा आखिर किस उद्देश्य से था, यह आज भी समझ से परे है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने का काम किया जा रहा है, जबकि ज़मीनी समस्याओं पर कोई ठोस पहल नहीं हुई।
वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने भी मुख्यमंत्री के दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कपकोट से लेकर गरुड़ तक इस पूरे दौरे में केवल लोगों को बरगलाने का काम किया गया। ऐठानी ने कहा कि आज भी यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री जिले में किस उद्देश्य से आए थे।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान न तो कोई बड़ी घोषणा हुई और न ही किसी बड़े विकास कार्य की शुरुआत की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दौरा सिर्फ जनता को गुमराह करने और राजनीतिक प्रचार तक सीमित रहा।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी इसी तरह होती रही तो पार्टी जिलेभर में जनआंदोलन तेज करेगी। इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला,सुरेश गड़िया, लक्ष्मी धर्मशक्तू आदि मौजूद रहे।








