बागेश्वर जिले में अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिले में विकास की बड़ी सौगात देते हुए विभिन्न विभागों की कई परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। यह योजनाएं जिले के सड़क, पेयजल, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, युवा कल्याण और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों को मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि बागेश्वर को काशी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जिले को जल्द ही रेल लाइन से जोड़ा जायेगा, इसकी सर्वे पूरी हो चुकी है। बजट भी जल्द मिलेगा। उन्होंने 108 करोड़ की 42 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
आज कपकोट के केदारी बगड़ मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर जिले का ताम्र शिल्प और कीवी आज देश के साथ ही अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। बागेश्वर जिले में स्वीकृत योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ेगी, पेयजल आपूर्ति में सुधार आएगा, स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी और युवाओं के लिए खेल एवं प्रशिक्षण के नए अवसर उपलब्ध होंगे। लोकार्पित व शिलान्यास की गई योजनाओं में लोक निर्माण विभाग की सड़क सुधार एवं निर्माण परियोजनाएं, विभिन्न ग्रामीण और शहरी पेयजल योजनाएं, विद्युत लाइन सुदृढ़ीकरण कार्य, राजकीय विद्यालयों में नए कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं, स्वास्थ्य विभाग की आवासीय व अन्य संरचनाएं, नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत ढांचा विकास तथा कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बेरोजगारी भी कम करने का काम किया है। किसानों की आय में देश भर में पहला स्थान मिला है। मत्स्य क्षेत्र में भी दूसरा स्थान मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब तबके से लेकर हर किसी के लिए लगातार कार्य हो रहे है। शहरों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक कार्य किए जा रहे है। राज्य सरकार देवभूमि को विश्व में स्थापित करने का कार्य कर पही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को निर्बाध पेयजल, बेहतर सड़कें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित बिजली आपूर्ति और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी योजनाएं समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास की गति तेज होगी तथा लोगों को बुनियादी सुविधाओं में सीधा लाभ मिलेगा। इस दौरान विधायक बागेश्वर पार्वती दास कपकोट सुरेश गड़िया,दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट और भूपेश उपाध्याय,जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








