logo

कपकोट के संकुल सूपी में बाल शोध मेला आयोजित, बच्चों ने दिखाए नवाचार और वैज्ञानिक मॉडल

खबर शेयर करें -

कपकोट (बागेश्वर)। विकासखंड कपकोट के संकुल सूपी में बाल शोध मेले का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध के प्रति रुचि को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया। संकुल सूपी के समन्वयक चंचल सिंह भीमा के नेतृत्व में संकुल के सभी विद्यालयों को अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने और नवाचारी टीएलएम (Teaching Learning Materials) के साथ मेले में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए।
मेले का शुभारंभ अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, बागेश्वर के कोऑर्डिनेटर विजय आनंद नौटियाल और उनकी टीम द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न शैक्षणिक और वैज्ञानिक मॉडल का अवलोकन किया तथा बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और शोध कार्यों के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय लाहुर में किया गया, जिसमें संकुल के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में समावेशी शिक्षा और नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों को सक्रिय रूप से शामिल किया गया। मेले में बच्चों ने विभिन्न मॉडल और गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया। इससे उनकी जिज्ञासा, खोजी प्रवृत्ति और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला।
आयोजकों के अनुसार बाल शोध मेला बच्चों के लिए सीखने, समझने और अपने नए विचार प्रस्तुत करने का एक प्रभावी मंच साबित हुआ। कार्यक्रम ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच ज्ञान साझा करने की प्रक्रिया को भी मजबूत किया।

Share on whatsapp