बागेश्वर। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप का चौथा दिवस उत्साह, सीख और रचनात्मक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। दिनभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कैंप की शुरुआत योग एवं ध्यान सत्र से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद छात्रों को स्थानीय भोजन संस्कृति से परिचित कराया गया। उन्हें क्षेत्रीय दालों, मसालों, सब्जियों और फलों की जानकारी दी गई, जिससे वे स्थानीय खानपान और कृषि परंपराओं को समझ सकें।
विद्यार्थियों को विभिन्न समूहों में बांटकर पारंपरिक व्यंजन तैयार कराए गए। साथ ही स्थानीय कृषि उत्पादों पर आधारित चार्ट और चित्र बनाकर बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैंप में सीखने के साथ-साथ मनोरंजक और व्यवहारिक गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया गया।
समर कैंप के अंतर्गत भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन हस्तशिल्प सेवा केंद्र, अल्मोड़ा द्वारा दो दिवसीय जागरूकता एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, स्थानीय हस्तशिल्प, रोजगारपरक कौशल और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में हस्तशिल्प सेवा केंद्र अल्मोड़ा की हस्तशिल्प संवर्धन अधिकारी भूमिका गर्ब्याल, प्रशिक्षक रीता टम्टा, दीपिका पवार और तारा देवी ने विद्यार्थियों को विभिन्न जानकारियां दीं। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी, कैंप प्रभारी संजय कुमार टम्टा, सह प्रभारी सुरेश राम समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।








