सड़क हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। मामला भिकियासैंण क्षेत्र के बासोट–जिहाड़ मोटर मार्ग का है। जहां बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अर्टिगा वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुबेर सिंह जमनाल (45) पुत्र जमनाल सिंह, निवासी कमेटपानी बासोट, बुधवार देर शाम अपने वाहन संख्या यूके 20 टीए 8080 से बासोट से जिहाड़ की ओर जा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे तत्वाहील होटल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पहाड़ी से टकराने के बाद गहरी खाई में जा समाया।
हादसे की सूचना आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत भिकियासैंण पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।








