logo

बागेश्वर में फिर ठप हुई बीएसएनएल ब्रॉडबैंड सेवा, घंटों इंटरनेट बंद रहने से उपभोक्ता परेशान

खबर शेयर करें -

बागेश्वर।
बागेश्वर नगर में बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा एक बार फिर ठप हो गई, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों तक इंटरनेट सुविधा से वंचित रहना पड़ा। सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक ब्रॉडबैंड सेवा बाधित हो गई और अपराह्न तक भी सेवा बहाल नहीं हो सकी। इससे ऑनलाइन कारोबार, बैंकिंग, ई-ऑफिस और अन्य इंटरनेट आधारित कार्य प्रभावित रहे।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बीएसएनएल की सेवाएं लगातार बाधित रहने से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और सरकारी कार्यालयों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग सेवाएं, सरकारी कार्य, विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई तथा निजी संस्थानों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
दीपक, नरेश उप्रेती, भगवान सिंह, नवीन लोहनी, राजेंद्र उपाध्याय सहित कई उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द सेवा बहाल करने और बार-बार आने वाली तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
उधर, बीएसएनएल के एसटीओ आशीष निगम ने बताया कि तकनीकी खराबी जिले के बाहर नेटवर्क में आई है। खराबी का पता लगाकर उसे दूर करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी समस्या दूर होते ही ब्रॉडबैंड सेवा जल्द सामान्य कर दी जाएगी।

Share on whatsapp