गरुड़/बागेश्वर। बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र में धेना-लखनी मोटर मार्ग पर लोहारी के पास एक खेत से लापता अधेड़ का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाड़ीखेत निवासी पूरन चंद्र जोशी (51) पुत्र टीका राम जोशी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पूरन चंद्र जोशी अपने भाई कांतिबल्लभ जोशी के साथ लोहारी में रहते थे। बीती 15 जुलाई की शाम वह लोहारी से अपने गांव बाड़ीखेत जाने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने कोसानी कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार को कोसानी के कोतवाल कैलाश सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ लोहारी पहुंचे और सर्च अभियान चलाया। इस दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर घास के घने खेत में एक शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव की पहचान पूरन चंद्र जोशी के रूप में की और कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
कोतवाल कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







