बागेश्वर : खेलो इंडिया के तत्वाधान में बागेश्वर में आयोजित अस्मिता बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मुकाबले में बागनाथ फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कंट्री वाइड मंडलसेरा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। खिलाड़ियों के उत्साह और जुझारूपन ने दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन बागनाथ फुटबॉल क्लब की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर बढ़त बनाए रखी। निर्णायक पलों में किए गए दो शानदार गोलों ने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जिससे खेलों में भी उन्हें बेहतर अवसर मिल रहे हैं। इस प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया है कि यदि अवसर मिले, तो बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। बागनाथ फुटबॉल क्लब की खिलाड़ी साधना ने कहा कि टीम ने इस मुकाबले के लिए कड़ी मेहनत की थी। हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, जिसका नतीजा जीत के रूप में सामने आया। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है। वहीं खिलाड़ी सुमन और हेमा ने बताया कि उन्होंने पूरे मैच में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया और टीमवर्क के दम पर सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि इस जीत से टीम का मनोबल और बढ़ेगा। इस दौरान कविता खेतवाल, राहुल साह,विवेक साह, धीरज मेहता, हिमांशु जोशी आदि मौजूद रहे।








